औंरंगाबाद (बिहार):
प्यार में सरहदें, दूरियां और मुश्किलें अक्सर छोटी पड़ जाती हैं। कुछ ऐसा ही नजारा बिहार के औरंगाबाद जिले में देखने को मिला, जहाँ सच्चे प्यार को पाने के लिए एक प्रेमिका ने जो किया, उसकी चर्चा आज पूरे इलाके में हो रही है। समस्तीपुर जिले की रहने वाली पूजा ने अपने 4 साल पुराने प्यार को हासिल करने के लिए 250 किलोमीटर का लंबा सफर तय किया और आखिरकार अपने प्रेमी की जीवनसंगिनी बन गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर की रहने वाली पूजा और औरंगाबाद के अंबा थाना क्षेत्र के रहने वाले अंकुश के बीच पिछले 4 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करते थे और शादी करना चाहते थे। इसी बीच, हाल ही में प्रेमी अंकुश के घर वालों ने उसकी शादी किसी दूसरी जगह तय कर दी।
जैसे ही यह बात पूजा को पता चली, उसने हार मानने के बजाय हिम्मत दिखाई। वह अपना घर छोड़कर सीधे 250 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर औरंगाबाद के अंबा पहुँच गई।
सतबहिनी मंदिर में हुई शादी
युवती के पहुँचने के बाद स्थानीय स्तर पर काफी मान-मनौव्वल का दौर चला। मामला जब तूल पकड़ने लगा तो स्थानीय पुलिस और दोनों पक्षों के परिजनों को इसमें दखल देना पड़ा। सभी की रजामंदी और पुलिस-परिजनों की मौजूदगी में औरंगाबाद के प्रसिद्ध सतबहिनी मंदिर में दोनों की शादी कराई गई।
प्रेमी-प्रेमिका की इस अनोखी प्रेम कहानी और मंदिर में हुई इस शादी का गवाह बनने के लिए वहां स्थानीय लोगों की भी भीड़ जुट गई। फिलहाल, इलाके में यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग पूजा के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।
बाइट/रिपोर्ट:LNB News टीम (बिहार)

0 टिप्पणियाँ