गयाजी के गुरुपदगिरि पर्वत पर आसमानी आफत: भीषण वज्रपात की चपेट में आने से 1 श्रद्धालु की मौत, 22 गंभीर रूप से झुलसे, पहाड़ पर मची भारी भगदड़!



गयाजी के गुरपा स्थित प्रसिद्ध गुरुपदगिरि पर्वत पर शनिवार दोपहर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के पाईबिगहा अंतर्गत सिरीपुर गांव निवासी निवास कुमार (24 वर्ष) के रूप में की गई है।

निवास कुमार अपने दोस्तों के साथ गुरुपदगिरि पर्वत पर घूमने और दर्शन करने आया था। इसी वज्रपात में 22 से अधिक अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिससे पहाड़ पर चीख-पुकार और भगदड़ की स्थिति बन गई।


चश्मदीदों के अनुसार, शनिवार दोपहर अचानक मौसम खराब हुआ और तेज आंधी-बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहाड़ पर बने एक विश्राम गृह (शेड) के नीचे इकट्ठा हो गए थे। इसी दौरान भीषण गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी शेड पर आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से शेड के नीचे खड़े लोग बुरी तरह झुलस गए और बेलागंज के निवास कुमार की जान चली गई। 


हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और साथी श्रद्धालुओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर अद्भुत साहस का परिचय दिया। दुर्गम और संकरा पहाड़ी रास्ता होने के बावजूद लोगों ने झुलसे हुए घायलों को अपने कंधों पर लादकर पहाड़ से नीचे उतारा और तुरंत गाड़ियों से अस्पताल पहुंचाया।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। फतेहपुर थाना पुलिस, बीडीओ और भारी सुरक्षा बल मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH) रेफर किया गया है, जहाँ डॉक्टरों की विशेष टीम उनका आपातकालीन इलाज कर रही है।


रिपोर्ट: संतोष कुमार पाण्डेय (State Bureau Chief, LNB News)


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ