गया (LNB News): गया जिले के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थान अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (ANMMCH / NMCH गया) में व्यवस्था सुधार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। अस्पताल के भीतर मरीजों को मिल रही सुविधाओं में घोर कुप्रबंधन और चारों तरफ फैली गंदगी की गंभीर शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिला पदाधिकारी (DM) श्री शशांक शुभांकर जी ने एक बहुत बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। डीएम ने साफ-सफाई और प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में अस्पताल के छह (06) हॉस्पिटल एवं हेल्थ मैनेजरों से स्पष्टीकरण मांगा है और तत्काल प्रभाव से उनका वेतन बंद करने का कड़ा निर्देश जारी कर दिया है।
📌 लापरवाही पर कड़ा प्रहार, १० दिनों की अंतिम चेतावनी:
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन की समीक्षा के दौरान पाया कि वॉर्डों और बाहरी परिसर में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे मरीजों के संक्रमण का खतरा बना रहता है। इस घोर कुप्रबंधन पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम शशांक शुभांकर ने सभी संबंधित छह प्रबंधकों का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश सिविल सर्जन और अस्पताल अधीक्षक को दिया है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी १० दिनों के भीतर अस्पताल की आंतरिक व्यवस्था और साफ-सफाई में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित नहीं किया गया, तो इन सभी के खिलाफ विभागीय नियमावली के तहत कठोर दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
📌 जमीनी हकीकत और प्रशासनिक हंटर:
विदित हो कि मगध मेडिकल अस्पताल में सुरक्षा गार्डों के अड़ियल रवैये और इमरजेंसी वॉर्ड की बदहाली को लेकर कल ही 'LNB News' ने प्रमुखता से आवाज उठाई थी, जिसके बाद अस्पताल के उपाधीक्षक ने खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला था। आज जिला पदाधिकारी की इस बड़ी कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अस्पताल के भीतर का प्रबंधन तंत्र पूरी तरह शिथिल हो चुका था। डीएम के इस कड़े हंटर के बाद पूरे जिला स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप व्याप्त है।
रिपोर्ट: संतोष कुमार पाण्डेय (State Bureau Chief, LNB News)
ANMMCH Gaya Hospital Management Video, Gaya DM Shashank Shubhankar Action, Magadh Medical College Hospital Gaya News, Bihar Government Hospital Ground Reality, Gaya CS Office Show Cause, Bihar Health Department Action, LNB News, Live News of Bihar, lnbnews.in, गया समाचार, मगध मेडिकल कॉलेज गया शो कॉज, स्वास्थ्य विभाग बिहार, शशांक शुभांकर डीएम गया





0 टिप्पणियाँ