जहानाबाद (बिहार):
बिहार के जहानाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ बच्चों के बीच हुई मामूली सी कहासुनी ने दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई। यह सनसनीखेज घटना शकुराबाद थाना क्षेत्र के गोपालपुर बाजार की है।
खेल-खेल में हुई कहासुनी बनी खूनी संघर्ष की वजह:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम गांव में कुछ बच्चे खेल रहे थे, इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह बच्चों का विवाद दोनों परिवारों के बड़ों के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया। दोनों पक्षों के अभिभावक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज के बाद अचानक हथियार निकल आए।
चाकू से ताबड़तोड़ हमला, इलाज के दौरान मौत:
आरोप है कि दूसरे पक्ष के विनोद कुमार ने तैश में आकर नागमणि यादव के 25 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से लहूलुहान होकर अशोक जमीन पर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हिंसक टकराव में दूसरे पक्ष का धीरज कुमार नामक युवक भी घायल हुआ है।
गांव में तनावपूर्ण माहौल, पुलिस बल तैनात:
घटना की सूचना मिलते ही शकुराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार भारी पुलिस बल के साथ गोपालपुर बाजार पहुँचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायल धीरज कुमार को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वारदात के बाद मुख्य आरोपी विनोद कुमार समेत अन्य लोग घर छोड़कर फरार हैं। गांव में बने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
(रिपोर्ट: LNB News डेस्क)

0 टिप्पणियाँ