LNB News Desk गया (बिहार):
गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक बड़ी घटना का पुलिस ने त्वरित और सफल उद्भेदन कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) गया, सुशील कुमार के कड़े निर्देश और मार्गदर्शन पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर इस घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए 1,53,600 रुपये नकद, 03 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल बरामद की है।
क्या है पूरा मामला:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को वादी द्वारा इमामगंज थाना में लिखित आवेदन दिया गया था कि वह 'श्री लक्ष्मी इंटरप्राइजेज' में ड्राइवर और स्टाफ का काम करता है। अपने मालिक के कहने पर वह अन्य जगहों से रुपया वसूल कर अपने सहयोगी के साथ मोटरसाइकिल से मालिक के घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में जमुना फील्ड के पास कुछ अज्ञात अपराधियों ने मोटरसाइकिल रुकवाकर बंदूक के भय से पैसों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। इस संबंध में इमामगंज थाना कांड संख्या-406/26, दिनांक 25.10.2026, धारा-309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन:
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सुशील कुमार ने इस कांड के त्वरित उद्भेदन और संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था। इस टीम में थानाध्यक्ष इमामगंज, अन्य पुलिसकर्मी और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे। तकनीकी अनुसंधान, आनुसूचना संकलन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने लोकनाचक गांव निवासी धर्मवीर कुमार (पिता-स्वर्गीय देवनंदन कुमार) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 1.5 लाख रुपये और 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान धर्मवीर ने बताया कि इस साजिश में बरडीह गांव निवासी वादी अभिषेक कुमार (पिता-स्वर्गीय अमोद मिश्रा) भी शामिल था, जिसने पूरी योजना बनाई थी। इसके बाद पुलिस ने बरडीह गांव में छापेमारी कर अभिषेक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके घर से लूटे गए 3600/- रुपये व 02 मोबाइल फोन बरामद किए। साथ ही, इस कांड में शामिल एक अन्य आरोपी के घर (करमडीह) पर छापेमारी की गई जहाँ से घटना में प्रयुक्त काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल को जब्त किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
धर्मवीर कुमार, पिता- स्वर्गीय देवनंदन कुमार, साकिन- लोकनाचक, थाना- इमामगंज, जिला- गया।
अभिषेक कुमार, पिता- स्वर्गीय अमोद मिश्रा, साकिन- बरडीह, थाना- इमामगंज, जिला- गया।
बरामदगी:
01 मोटरसाइकिल (घटना में प्रयुक्त)
कुल 1,53,600/- रुपये नकद
03 मोबाइल फोन
पुलिस गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है तथा अन्य संलिप्तों की गिरफ्तारी के लिए आगे की छापेमारी जारी है।
(रिपोर्ट: LNB News डेस्क)

0 टिप्पणियाँ